बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार को अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस बार पार्टी ने 12 नए चेहरों को मैदान में उतारा है। खास बात यह है कि इस लिस्ट में लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर का भी नाम शामिल है। बीजेपी ने उन्हें अलीनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा बक्सर सीट से पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट दिया गया है। एक दिन पहले यानी 14 अक्टूबर को पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट जारी की थी, जिसमें 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए थे। अब तक बीजेपी 83 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी है, जबकि 18 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है।
पहली लिस्ट में थे 71 उम्मीदवार
बीजेपी ने मंगलवार को जारी की गई पहली सूची में 71 प्रत्याशियों के नाम शामिल किए थे। इसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर से और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा को लखीसराय से टिकट दिया गया है।
वहीं, इस लिस्ट में कई दिग्गजों के टिकट कटे हैं। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, जो लगातार 5 बार पटना सिटी से विधायक चुने गए थे, उन्हें इस बार टिकट नहीं मिला। उनकी जगह रत्नेश कुशवाहा, जो बीजेपी नेता और हाईकोर्ट के वकील हैं, को उम्मीदवार बनाया गया है।
सीतामढ़ी की रीगा सीट से मोतीलाल प्रसाद की जगह बैद्यनाथ प्रसाद को मौका मिला है। बैद्यनाथ प्रसाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी हैं।
इसी तरह कुम्हरार सीट से 5 बार के विधायक अरुण कुमार सिन्हा का टिकट काटकर संजय गुप्ता को प्रत्याशी बनाया गया है। संजय गुप्ता पार्टी में प्रदेश महामंत्री भी रह चुके हैं।
13 मंत्रियों और 9 महिलाओं को भी मिला मौका
पहली लिस्ट में पार्टी ने 13 मंत्रियों और 9 महिला उम्मीदवारों को भी टिकट दिया था। 71 सीटों में से 56 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका मिला है, जबकि 10 विधायकों के टिकट काटे गए हैं।
जातिगत समीकरण की बात करें तो 71 उम्मीदवारों में से 35 सवर्ण, 6 SC-ST, 11 OBC और 19 EBC वर्ग से आते हैं।
कब होगा चुनाव?
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
पिछले चुनाव (2020) में बीजेपी ने 7 अक्टूबर को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें 27 उम्मीदवारों के नाम थे।










