वाराणसी। काशी की बेटियां एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराने जा रही हैं। बहरीन में 22 से 31 अक्टूबर तक होने वाले थर्ड एशिया यूथ गेम्स में भारत की महिला हैंडबॉल टीम हिस्सा ले रही है, जिसमें वाराणसी की दो होनहार खिलाड़ी, नैना यादव और कोमल राय का चयन हुआ है।
दोनों खिलाड़ी बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। नैना और कोमल के पिता दैनिक श्रमिक हैं, लेकिन बेटियों ने अपने खेल के दम पर न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ी वाराणसी के विकास इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं और परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में डॉ. आशा सिंह के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।
खास बात यह है कि यह दोनों का तीसरा विदेशी दौरा होगा। नैना यादव इससे पहले चीन और उज़्बेकिस्तान में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, जबकि कोमल राय (राजभर) ने चीन दौरे में हिस्सा लिया था।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह, संयुक्त सचिव विभव सिंह और जिला हैंडबॉल संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शैंपू ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि नैना और कोमल ने साबित किया है कि अगर जुनून और मेहनत हो, तो सीमित संसाधन भी सपनों के आगे रुकावट नहीं बनते। अब पूरा वाराणसी उनकी कामयाबी की दुआ कर रहा है।










