दीप ज्योति पर्व पर की तैयारियां हुई शुरू, सुगंधित फूलों सजेगा काशी विश्वनाथ धाम, लगेगा 56 भोग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: देव दीपावली से पहले काशी का माहौल भक्तिमय हो उठा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में इस बार षष्टदिवसीय दीप ज्योति पर्व की भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। बाबा विश्वनाथ के धाम को सुगंधित फूलों और विद्युत झालरों की जगमग रोशनी से सजाया जाएगा। पूरे परिसर में ऐसी सुगंध और आध्यात्मिक आभा फैलेगी जो भक्तों को एक अद्भुत अनुभव कराएगी।

गुरुवार से शुरू होगी साज-सज्जा

धाम में साज-सज्जा का काम गुरुवार से आरंभ हो जाएगा। मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि बाबा को प्रिय विभिन्न रंग-बिरंगे पुष्पों से मंदिर परिसर को सजाया जाएगा। दीप ज्योति पर्व के दौरान छह दिन तक धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे।

धनतेरस पर खुलेगा मां अन्नपूर्णा का दरबार

धनतेरस के दिन से ही मां अन्नपूर्णा का दरबार भक्तों के लिए खुल जाएगा। इस दिन से मां का आशीर्वाद पाने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। मान्यता है कि मां इस शुभ अवसर पर दोनों हाथों से भक्तों पर खजाना लुटाती हैं, जिससे घरों में समृद्धि और अन्न की कभी कमी नहीं रहती।

दीपावली पर जगमगाएगा बाबा का धाम

दीपावली के दिन बाबा विश्वनाथ का धाम दीपमालाओं की रोशनी से नहा उठेगा। हर ओर दीयों की लौ और फूलों की खुशबू से वातावरण पवित्र बन जाएगा। मंदिर चौक में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार काशी की परंपराओं की झलक पेश करेंगे।

अन्नकूट पर 14 क्विंटल मिठाइयों का भोग

अन्नकूट महोत्सव के दिन बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। इसमें करीब 14 क्विंटल मिठाइयों और नमकीनों की व्यवस्था की जा रही है। मंदिर प्रशासन के अनुसार, कई मिठाइयां जैसे लड्डू, मठरी, नमकीन आदि मंदिर परिसर में ही तैयार की जाएंगी, जबकि कुछ विशेष मिठाइयां काशी की प्रसिद्ध दुकानों से मंगाई जाएंगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें