राजधानी लखनऊ में शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्यालय में कई नेताओं ने पार्टी का दामन थामा। इस मौके पर शामिल हुए नेताओं में देवेंद्र कुशवाहा, नदीम अशरफ, रणवीर सिंह गौतम अहिरवार और गाजीपुर से श्यामलाल बिंद शामिल रहे। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका पार्टी में स्वागत किया और कहा कि पीडीए के सामाजिक आंदोलनों और बाबा साहब के आदर्शों के लिए लोग लगातार जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के आने से पीडीए की लड़ाई और मजबूत होगी।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसा
अखिलेश यादव ने इस अवसर पर भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज धनतेरस है, इसलिए किसी के बारे में अधिक भला-बुरा न कहा जाए। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिवाली पर फुस्स फुलझड़ी से क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसने बिजली बनाई ही नहीं, वह बिजली कैसे देगा।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार बिजली का निजीकरण भी नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा, “हमारे समय में सरकार का बजट चार लाख करोड़ था, हमने स्टेडियम, मेट्रो और एक्सप्रेसवे बनाए। अब बजट बढ़कर आठ लाख करोड़ रुपये हो गया है, लेकिन काम का पता नहीं। विभागों में चोरी रोकना सरकार के बस की बात नहीं है, यही वजह है कि विधायकों के घरों में चोरी हो रही है।”
दिवाली पर कुम्हारों के लिए योजना
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर दिवाली पर कुम्हारों से एक करोड़ दीये खरीदे जाएंगे, ताकि स्थानीय कारीगरों को राहत मिले। उन्होंने हाल ही में हुए जानलेवा हमलों और शहर में बढ़ते जानवरों के खतरे की ओर भी ध्यान दिलाया, जैसे छतों पर सांड और गुलदार चढ़ना।
कानपुर में बुलडोजर मामले पर बयान
अखिलेश ने कहा कि कानपुर के अखिलेश दुबे के घर बुलडोजर नहीं चलेगा। यदि उस पर कार्रवाई हुई तो सरकार के कई अफसर फंस सकते हैं। नए कमिश्नर को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि उस मामले में किसी के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया जाएगा।










