वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र के हृदयपुर इलाके में रविवार को एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान जयसिंह पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसका पत्नी से अफेयर को लेकर तीखा विवाद हुआ था। युवक ने इस पूरे विवाद का वीडियो भी बनाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के पिता भोलानाथ पटेल की तहरीर के आधार पर पत्नी, सास और एक युवक अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद बढ़ा तनाव
भोलानाथ पटेल ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे जयसिंह की शादी वर्ष 2024 में चोलापुर थाना क्षेत्र के गहुरा गांव निवासी रणधीर पटेल की बेटी शिवांगी से हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद से ससुराल पक्ष और पत्नी उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगे थे। सास सुनीता बेटी की विदाई नहीं कर रही थी, जिससे जयसिंह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
पत्नी के अफेयर की बात से टूटा जयसिंह
भोलानाथ के अनुसार, कुछ समय पहले जयसिंह को पता चला कि उसकी पत्नी का अफेयर उसके ही कॉलेज के युवक अभिषेक से चल रहा है। जब उसने इस बारे में सास से शिकायत की, तो उसने उसे अपशब्द कहे। तीन बहनों के इकलौते भाई जयसिंह ने यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया और रविवार को घर के पास ही जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
जब जयसिंह सड़क पर गिर पड़ा, तो आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। पिता भोलानाथ उसे ग्रामीणों की मदद से अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ घंटे पहले ही वह ससुराल से वापस लौटा था, जहां उसकी पत्नी से कहासुनी हुई थी। जयसिंह निजी स्कूल में वैन चलाकर परिवार का खर्च चलाता था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना की जानकारी मिलते ही सारनाथ थाना प्रभारी शिवानंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और देर रात परिजनों को सौंप दिया।
भोलानाथ पटेल की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत पत्नी शिवांगी, सास सुनीता और युवक अभिषेक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










