वाराणसी। सारनाथ की पंचकोसी सब्जी मंडी में बीती रात एक पल्लेदारी करने वाले व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, मृतक प्रकाश यादव (50) पिछले कई वर्षों से मंडी में पल्लेदारी कर रहे थे और रात को मंडी परिसर में स्थित आशीष की दुकान पर सोते थे।
गुरुवार सुबह जब दुकानदार और अन्य लोग दुकान खोलने पहुंचे, तो प्रकाश यादव का शव वहां पड़ा मिला। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शिवानंद सिसौदिया ने बताया कि मृतक के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उसके जबड़े पर किसी धारदार हथियार से वार किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इस घटना की खबर मिलते ही पुरानापुल-पंचकोसी मार्ग पर जाम लग गया। पंचकोसी सब्जी मंडी में रोजाना हजारों लोग आते हैं और दूसरे जिले के लोग भी सब्जी खरीदने के लिए आते हैं।
पुलिस ने मंडी के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और हत्या के परेस्थित कारणों की जांच कर रही है। सब्जी मंडी खुलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए, जिससे प्रशासन ने यातायात सुचारू करवाया।










