वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका मिला, जिससे गांव में सनसनी फैल गई। घर से लगभग 500 मीटर दूर खेतों के किनारे यह शव ग्रामीणों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान बच्चे लाल उर्फ बचई गोड़ (45) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बच्चे लाल गुरुवार रात खाना खाकर सोए थे, लेकिन सुबह दिखाई नहीं दिए। तलाश के दौरान उनका शव पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक का एक पैर जमीन के काफी करीब था, जिससे आत्महत्या की बजाय हत्या की संभावना जताई जा रही है। कुछ लोगों का मानना है कि शव को किसी और स्थान से लाकर पेड़ पर लटकाया गया हो।
सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
बच्चे लाल ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी मंजू देवी और एक पुत्र है। पुलिस ने सभी संभावित बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। गांव में पुलिस की मौजूदगी से शांति बनी हुई है, लेकिन घटना को लेकर लोगों में अभी भी चर्चा और आशंका का माहौल है।










