मराठी और हिंदी सिनेमा में धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहे एक्टर सचिन चंदवाड़े अब इस दुनिया में नहीं रहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने महाराष्ट्र के जलगांव जिले के परोला स्थित अपने घर में सुसाइड कर लिया। केवल 25 वर्ष की उम्र में उनका यूं चले जाना पूरे फिल्म जगत के लिए गहरा झटका साबित हुआ है।
जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2025 को सचिन अपने घर में बेहोशी की हालत में पाए गए। परिवार के लोगों ने उन्हें फंदे से लटका देखा और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें धुले के एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद 24 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
सोशल मीडिया पर किया था अपनी आखिरी फिल्म का ऐलान
सचिन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थे। मृत्यु से कुछ दिन पहले ही उन्होंने अपनी नई मराठी फिल्म ‘असुरवन’ की घोषणा की थी। उन्होंने अपने किरदार ‘सोमा’ का पहला लुक भी साझा किया था। यह फिल्म रामचंद्र मंगो के निर्देशन में बनी है और जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब यह फिल्म उनके जीवन की आखिरी फिल्म बन गई है।
अभिनय से पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे सचिन
अभिनय की दुनिया में आने से पहले सचिन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम कर चुके थे। उन्होंने पुणे के एक आईटी पार्क में नौकरी की थी। बाद में उन्होंने अभिनय की ओर रुख किया और नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘जामताड़ा 2’ में एक अहम किरदार निभाया। इस रोल से उन्हें काफी पहचान मिली थी।
फैंस और साथियों ने सोशल मीडिया पर उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। कई लोगों ने लिखा कि सिर्फ 25 साल की उम्र में इतना टैलेंट खो देना बेहद दर्दनाक है।










