चंदौली में छठ घाट जाते समय सास-बहू और पोते को ट्रक ने रौंदा, तीनों की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Chandauli News: चंदौली जिले में मंगलवार सुबह छठ पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं। अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेड़वा गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर तेज रफ्तार ट्रक ने सास-बहू और पोते को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार घाट पर छठ पूजा के लिए पैदल जा रहा था, तभी हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और पहले पैदल चल रहे तीनों को रौंदा, फिर भागने के दौरान सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया और एक बाइक को भी ठोकर मार दी। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। परिजन मौके पर पहुंचे तो मामा ने भांजे का शव गोद में लेकर रो-रोकर बुरा हाल कर लिया। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा और अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और भीड़ को समझाकर जाम हटवाया। मृतकों की पहचान रेवसा-पंचफेड़वा निवासी कुमारी देवी (45), चांदनी देवी (30) और सौरभ कुमार (7) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया है। उसकी तलाश में कई टीमें लगाई गई हैं। प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें