महाराष्ट्र में निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान, 2 दिसंबर को होगा मतदान, जानें कब आएंगे नतीजे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य चुनाव आयोग ने मंगलवार को तारीखों का ऐलान कर दिया है।  246 नगरपरिषदों और 42 नगरपंचायतों के लिए मतदान 2 दिसंबर 2025 को कराया जाएगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।

राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि इन चुनावों में 6,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष चुने जाएंगे। कुल 1.7 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 13,355 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं, जहां ईवीएम (EVM) मशीनों के जरिए वोट डाले जाएंगे।

वाघमारे ने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 नवंबर तय की गई है। इसके बाद 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवार 21 नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान की प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2025 की मतदाता सूची के आधार पर होगी।

वहीं, BMC (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) और राज्य की अन्य महानगरपालिकाओं के चुनाव अभी कुछ समय के लिए टाले गए हैं। सूत्रों के अनुसार, इन चुनावों का आयोजन अगले साल जनवरी में मकर संक्रांति के बाद किया जा सकता है। इसके लिए नोटिफिकेशन दिसंबर के तीसरे सप्ताह में जारी होने की संभावना है।

राज्य में पिछले कुछ महीनों से बीएमसी चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज है। 15 अक्टूबर को मुंबई में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में MNS प्रमुख राज ठाकरे, शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और महाविकास अघाड़ी के कई अन्य नेता शामिल थे।

इन नेताओं ने बीएमसी चुनावों से जुड़ी तैयारियों, मतदाता सूची और प्रशासनिक निष्पक्षता से जुड़े मुद्दे उठाए थे। अब सभी की निगाहें दिसंबर पर टिकी हैं, जब राज्य चुनाव आयोग बीएमसी चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें