छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, गटौरा-बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास लाल खदान इलाके में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेन का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और लोको पायलट ट्रेन के केबिन में फंस गया, जिसे राहतकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
मौके पर रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चल रहा है और अब तक कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल यात्रियों का मौके पर ही प्राथमिक इलाज किया जा रहा है।
रेलवे ने मेडिकल यूनिट और डिविजनल अफसरों को घटनास्थल पर भेज दिया है, ताकि बचाव कार्य में तेजी लाई जा सके। हादसे के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया है।
बिलासपुर के एसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
बिलासपुर CPRO का बयान
बिलासपुर के सीपीआरओ ने बताया कि, “कोरबा पैसेंजर ट्रेन ने आगे चल रही मालगाड़ी को पीछे से टक्कर मारी है। हादसा शाम करीब 4 बजे हुआ। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा जा रहा है। घटना की जांच सीआरएस (Commissioner of Railway Safety) स्तर पर की जाएगी। जांच के बाद ही हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा।”










