Varanasi : 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में गोली मारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। टाफी दिलाने के बहाने पांच साल की मासूम को झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म करने वाले दरिंदे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वारदात लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र की है, जिसने पूरे शहर को झकझोर दिया। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचाना और मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया।

कैसे हुआ वारदात का खुलासा

बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे क्षेत्र निवासी व्यक्ति की पांच साल की बेटी अपनी सहेली के साथ घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला मजदूर करन दोनों बच्चियों के पास पहुंचा और उन्हें टाफी दिलाने का लालच दिया। वह उन्हें पास की दुकान तक ले गया। टाफी लेने के बाद एक बच्ची तो घर लौट आई, लेकिन दूसरी को वह गोद में उठाकर गोइठहा इलाके के सुनसान झाड़ियों की तरफ ले गया।

वहां उसने मासूम के साथ दरिंदगी की। बच्ची की दर्द भरी चीखें सुनकर उधर से गुजर रहे लोगों ने जाकर देखा तो वह खून से लथपथ हालत में झाड़ियों में पड़ी थी। लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। एकमात्र संतान की ऐसी हालत देखकर परिजन बदहवास हो गए। बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

CCTV फुटेज से खुली दरिंदे की पोल

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र के कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसमें युवक दोनों बच्चियों को दुकान तक ले जाते और फिर एक को गोद में उठाकर ले जाते हुए साफ दिखाई दिया। इसी फुटेज से उसकी पहचान मजदूर करन के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और दबिशें शुरू कर दीं।

लमही में मुठभेड़, पैर में लगी गोली

तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लमही क्षेत्र में छिपा है। घेराबंदी करते ही उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा। घायल आरोपी को पकड़कर अस्पताल भेजा गया। मौके पर डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार पहुंचे और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली।

दस दिन में दूसरी हैवानियत

सिर्फ दस दिन के भीतर लालपुर पांडेयपुर इलाके में मासूम बच्चियों से दरिंदगी का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 25 अक्टूबर को हुकुलंगज क्षेत्र में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया था। उस समय भी स्थानीय लोगों ने आरोपी को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें