बिहार चुनाव : वोटिंग के बीच केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला, बोले- सपा न तीन में है, न तेरह में…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा वार किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का बिहार में कोई राजनीतिक अस्तित्व नहीं है, फिर भी अखिलेश यादव बिना वजह चुनाव प्रचार करने यहां पहुंचे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, बिहार के चुनावी पर्व में सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव नाहक ही अपना लट्ठ भांज रहे हैं। हकीकत यह है कि इस चुनाव में उनकी सपा न तीन में है, न ही तेरह में, और उनकी पार्टी के लिए दूर तक सूखा ही सूखा है।”

इस बयान के साथ ही यूपी और बिहार की सियासत में एक बार फिर बीजेपी और सपा नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

पटना एयरपोर्ट पर मुस्कुराते नजर आए दोनों नेता

दिलचस्प बात यह रही कि इस सियासी बयानबाजी के बीच मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य एक साथ दिखाई दिए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की।

इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं। कई यूजर्स ने इसे “सियासी दुश्मनी के बीच सौहार्द का पल” बताया, तो कुछ ने इसे चुनावी रणनीति से जोड़कर देखा। यह मुलाकात अब बिहार के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बिहार की जनता से की मतदान की अपील

इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार के मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील भी की। उन्होंने कहा, विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण के लिए पहले मतदान, फिर जलपान!

मजबूत लोकतंत्र और सशक्त बिहार के लिए यह आवश्यक है कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का सदुपयोग करें। आइए, एकजुट होकर एनडीए समर्थित सुशासन की सरकार बनाएं और बिहार के विकास की रफ्तार को और तेज करें।”

सपा-बीजेपी के बीच बढ़ी बयानबाजी

गौरतलब है कि अखिलेश यादव और केशव प्रसाद मौर्य के बीच राजनीतिक कटाक्ष और बयानबाजी का सिलसिला नया नहीं है। दोनों नेता अक्सर एक-दूसरे पर तीखे शब्दों में हमला करते नजर आते हैं। बिहार चुनाव के इस माहौल में भी दोनों के बीच यह जुबानी जंग जारी है, जिससे सियासी तापमान और बढ़ गया है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें