पटना। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस बार बिहार के लोग इतिहास रचने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसी सरकार चुनने जा रही है जो सिर्फ बात नहीं, बल्कि नौकरियां देगी और बिहार को विकास की राह पर ले जाएगी। तेजस्वी ने कहा, “इस बार बिहार में कलम का राज आएगा, बिहार सबसे विकसित राज्य बनेगा। बीते 20 सालों में बिहार सुर्खियों में तो रहा, लेकिन सफलताओं में नहीं। 14 नवंबर के बाद बिहार सफलताओं में गिना जाएगा।”
‘पढ़ाई-दवाई-कमाई-सिंचाई’ पर फोकस
तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, आईटी हब और सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा बिहार बनाया जाएगा, जहां लोगों को पढ़ाई, दवाई, कमाई और सिंचाई की सुविधाओं के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
आरजेडी नेता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बिहार को आत्मनिर्भर और रोजगार देने वाला राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि हर जिले में रोजगार और शिक्षा के अवसर बढ़ाए जाएंगे, ताकि युवा अपने राज्य में ही बेहतर भविष्य बना सकें।
171 जनसभाओं में दिखा ‘बदलाव का मूड’
तेजस्वी यादव ने बताया कि अब तक वे 171 जनसभाएं कर चुके हैं, जो संभवतः किसी भी नेता से अधिक हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के लगभग हर जिले में उन्होंने जनता से संवाद किया है और हर जगह लोगों में बदलाव की लहर दिखाई दे रही है। “जाति और धर्म से ऊपर उठकर लोग इस बार रोजगार, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर वोट कर रहे हैं। पहले चरण में ही जनता ने इसका संदेश दे दिया है।” — तेजस्वी यादव
20 साल का हिसाब
तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले 20 सालों में बिहार बेरोजगारी और पलायन का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि अगर एनडीए चाहती, तो बिहार को देश का नंबर वन राज्य बना सकती थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
20 साल में न उद्योग आए, न रोजगार बढ़ा। पढ़ाई के लिए, कमाई के लिए और दवाई के लिए आज भी बिहार के लोगों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। अब जनता ये सब बदलना चाहती है।”
अबकी बार बदलाव की सरकार’
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता अब विकास, रोजगार और आत्मनिर्भरता की राजनीति चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार जनता “नौकरी वाली सरकार” चुनकर बिहार को नई दिशा देगी।
तेजस्वी यादव बोले, बिहार अब बदलेगा, क्योंकि इस बार जनता बदलाव को वोट दे रही है।










