गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अब प्रदेश के सभी स्कूलों में ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रगीत गाना अनिवार्य होगा। गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रगीत का विरोध करने वालों का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि ‘वंदे मातरम्’ ने देश की आजादी और एकता में अहम भूमिका निभाई थी।
सीएम योगी बोले
कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग ‘वंदे मातरम्’ का विरोध करते हैं, वे वही लोग हैं जो लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती में शामिल नहीं होते, लेकिन जिन्ना को सम्मान देने वाले कार्यक्रमों में दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा, वंदे मातरम् का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। इस राष्ट्रगीत के विरोध ने ही भारत के विभाजन का मार्ग प्रशस्त किया था।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में एकता कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं, जिनका उद्देश्य देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है।
403 विधानसभा क्षेत्रों में एकता यात्रा की शुरुआत
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से एकता यात्रा का शुभारंभ किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सरदार पटेल जयंती के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें उन ताकतों को पहचानना होगा जो देश की एकता और अखंडता को कमजोर करती हैं, ताकि भविष्य में फिर कोई जिन्ना जैसी सोच न पनप सके।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर बोले योगी
सीएम योगी ने कहा कि पूरा देश भारत माता के महान सपूत सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को गर्व के साथ मना रहा है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के वीर सपूतों को सम्मान दिलाने का कार्य अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में शुरू हुआ था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बना देश का गौरव प्रतीक
सीएम योगी ने गुजरात में बने सरदार सरोवर डैम और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रतिमा आज देश और दुनिया में भारत की एकता और गौरव का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल की इस विशाल प्रतिमा के लिए देशभर से लोहा और मिट्टी दान में लिया गया था। आज केवड़िया में स्थित यह प्रतिमा न केवल गुजरात बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व की बात है।










