दिल्ली में बड़ा धमाका : लाल किले के पास कार में ब्लास्ट, तीन गाड़िया जली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास एक कार में हुए जोरदार धमाके से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुआ, जिसके बाद कार में आग लग गई और उसकी चपेट में आसपास खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आ गईं।

धमाके से मचा हड़कंप

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि दूर-दराज के इलाकों में भी सुनाई दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेराबंद कर दिया और ट्रैफिक मूवमेंट अस्थायी रूप से रोक दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई। आसपास के लोग घबराकर भागने लगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 8 लोगों के मरने की खबर सामने आई है, वहीं कई घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर

दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने बताया कि, “लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके जैसी आवाज की सूचना मिली थी। मौके पर तुरंत दमकल की 10 गाड़ियां भेजी गईं। वहां पहुंचने पर पता चला कि एक कार में विस्फोट हुआ था, जिससे पास की तीन गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।”

जांच में जुटी दिल्ली पुलिस और बम स्क्वॉड

धमाके की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) ने घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कार के अंदर कोई विस्फोटक सामग्री रखी गई थी या यह सिलेंडर ब्लास्ट या तकनीकी खराबी के कारण हुआ।

इलाके के डीसीपी और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि यह पता चल सके कि धमाके से पहले कार के पास कौन-कौन लोग मौजूद थे।

भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई घटना

लाल किला दिल्ली का ऐतिहासिक और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। मेट्रो स्टेशन के आसपास रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। ऐसे में इस धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और पुलिस ने लोगों से वहां न जाने की अपील की है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें