दिल्ली धमाके के बाद वाराणसी में हाई अलर्ट, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी : दिल्ली में सोमवार शाम हुए लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाके के बाद वाराणसी पुलिस सतर्क हो गई है। वाराणसी कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए सभी थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस टीमों ने अपने-अपने इलाकों में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है।

कैंट रेलवे स्टेशन सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 9 पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पार्किंग और यात्रियों के सामान की भी गहन जांच की गई।

दिल्ली में कार धमाका, 8 की मौत, 7 घायल

दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास एक कार में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में अब तक आठ लोगों की मौत और सात के घायल होने की पुष्टि हुई है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी जांच में जुटी हुई है। विस्फोट के बाद दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

 प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई घटना की भयावह तस्वीर

धमाके के प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “मैं पास के गुरुद्वारे में था जब अचानक एक तेज धमाके की आवाज आई। पहले तो समझ नहीं पाया कि हुआ क्या, लेकिन आवाज इतनी तेज थी कि आसपास खड़े वाहनों के शीशे टूट गए और कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।”

वहीं, स्थानीय निवासी राजधर पांडे ने बताया, “मैंने अपने घर की बालकनी से आग की लपटें उठती देखीं। नीचे आकर देखा तो पूरा इलाका धुएं से भर गया था। धमाका बहुत भयानक था।”

सबसे संवेदनशील इलाकों में से है लाल किला क्षेत्र

दिल्ली का लाल किला इलाका राजधानी के सबसे व्यस्त और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में से एक है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग मौजूद रहते हैं। अग्निशमन विभाग के अनुसार, धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिससे तीन से चार अन्य वाहन भी आग की चपेट में आ गए।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें