Dharmendra Health Update : बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब पूरी तरह बेहतर हैं। बुधवार सुबह उन्हें दक्षिण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जहां वह बीते कुछ दिनों से स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती थे। अब वे अपने घर पर ही डॉक्टरों की देखरेख में आराम करेंगे।
89 वर्षीय धर्मेंद्र को कुछ नियमित जांचों के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था। हालांकि, परिवार और अस्पताल प्रशासन ने इस बात का खुलासा नहीं किया कि जांचें किन कारणों से की गईं।
धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल के जनसंपर्क प्रतिनिधि ने एक बयान जारी करते हुए कहा, धर्मेंद्र को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वे घर पर ही स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करेंगे। हम मीडिया और आम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी तरह की अटकलों से बचें और इस दौरान धर्मेंद्र जी और उनके परिवार की निजता का सम्मान करें।”
परिवार ने आगे कहा, हम सभी शुभचिंतकों, प्रशंसकों और मीडिया का आभार जताते हैं जिन्होंने धर्मेंद्र जी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए दुआएं दीं। वे अपने प्रशंसकों से बहुत प्यार करते हैं, इसलिए उनसे अनुरोध है कि इस समय उन्हें शांति से स्वास्थ्य लाभ लेने दें।”
अस्पताल के डॉक्टर प्रतीत समदानी ने भी धर्मेंद्र को छुट्टी दिए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया, धर्मेंद्र जी को सुबह करीब 7:30 बजे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब परिवार ने घर पर ही उनका उपचार जारी रखने का फैसला किया है।”
डॉ. समदानी ने अभिनेता की हालत के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इंकार करते हुए सिर्फ इतना कहा कि वे स्वस्थ हैं और घर जा चुके हैं। बताया गया कि धर्मेंद्र को एम्बुलेंस के जरिए सनी देओल के जुहू स्थित आवास ले जाया गया।










