काशी में प्रबुद्ध जन सम्मेलन : स्वदेशी खरीदें, स्वदेशी बेचें, यही आत्मनिर्भर भारत की कुंजी- प्रदीप अग्रहरि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी महानगर द्वारा गुलाब बाग स्थित पार्टी कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज देश भर में आत्मनिर्भर भारत का संदेश आम लोगों में मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी, जिससे छोटे-बड़े भारतीय उद्योगों में खुशहाली आई।

उन्होंने अपील की कि व्यापारी वर्ग से संपर्क कर उन्हें स्वदेशी उत्पाद अपनाने और बेचने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा, जब तक स्वदेशी का संदेश हर घर तक नहीं पहुंचेगा, आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा नहीं हो पाएगा।

स्वदेशी हमारी मूल विचारधारा: क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल

मुख्य अतिथि, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने ऐतिहासिक संदर्भों के साथ स्वदेशी अभियान पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, भारत प्राचीन काल से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर रहा है। सिंधु घाटी सभ्यता और चोल साम्राज्य इसका उदाहरण हैं।मौर्य काल में भी भारत समृद्ध था, लेकिन मुगल शासन आते-आते देश आयात-निर्भर बनता गया। कांग्रेस सरकारों ने आयात को बढ़ावा देकर अर्थव्यवस्था को कमजोर किया।

उन्होंने दतोपंत ठेंगड़ी का हवाला देते हुए कहा, जब तक किसान और श्रमिक मजबूत नहीं होंगे, देश समृद्ध नहीं हो सकता।”

पटेल ने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत निर्यातक देश बन रहा है, सैन्य उपकरणों का निर्यात कर रहा है, एक्सप्रेस वे से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक नए आयाम छू रहा है।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, मेड इन इंडिया, वोकल फॉर लोकल और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियान आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ हैं।

टिफिन साझा कर बढ़ाया एकता का संदेश

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सभी प्रतिभागी अपने घरों से टिफिन लेकर आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी ने एक-दूसरे के साथ भोजन साझा किया, जिससे सामाजिक समरसता का संदेश गया।

कार्यक्रम का संचालन अशोक जाटव ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रकाश आत्मा विश्वेश्वर ने दिया। वहीं जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, अशोक यादव, साधना वेदांती, रचना अग्रवाल, गीता शास्त्री, कुसुम पटेल, साधना गोंड, विभव सिंह, साधना पांडेय, दीपा राव, माधुरी, अर्चना, सरिका गुप्ता, संदीप रावत, शोभनाथ मौर्य, सिद्धार्थ सिंह, अजय गुप्ता, अनुपम गुप्ता, हरि केसरी, जेपी सिंह, अरुण सिंह, योगेश वर्मा, प्रमील पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें