वाराणसी की दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना को लेकर शनिवार सुबह प्रशासन ने एक बार फिर bulldozer action शुरू कर दिया। भारी पुलिस बल व वीडीए की टीमों ने चिन्हित 12 भवनों में से पहले भवन पर कार्रवाई शुरू कर दी। अधिकारियों ने दुकानदारों को केवल 10 मिनट के भीतर दुकान खाली करने का आदेश दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप और तनाव का माहौल बन गया।
दुकानदारों में हड़कंप, व्यापारियों की बेचैनी बढ़ी
पिछले दिनों नई सड़क–लंगड़ा हाफिज मस्जिद के पास स्थित मुख्तार खान और अन्नान खान उर्फ पप्पू नाटे की इमारतों का सर्वे और नापी की गई थी। शनिवार सुबह से ही पुलिस बल की आवाजाही बढ़ी हुई थी, जबकि बाजार में सामान्य रूप से खरीदारी भी जारी थी।
दुकानदार प्रशासनिक रवैये से नाराज़ हैं। व्यापारियों की मांग है कि उन्हें बेनियाबाग में पुनर्वास दिया जाए, जबकि प्रशासन की ओर से लोहता और मोहनसराय में स्थानांतरण का प्रस्ताव रखा गया है।
17.4 मीटर चौड़ी बनेगी नई दालमंडी सड़क
पीडब्ल्यूडी द्वारा तैयार प्रस्ताव के अनुसार दालमंडी सड़क चौड़ीकरण के बाद इसकी चौड़ाई होगी 17.4 मीटर, जिसमें शामिल है—
-
10 मीटर सड़क (दोनों ओर 5-5 मीटर)
-
6.4 मीटर फुटपाथ (दोनों तरफ 3.2-3.2 मीटर)
-
1 मीटर केसी ड्रेन (आधा-आधा मीटर)
फुटपाथ के नीचे सभी जनसुविधाएं भूमिगत की जाएंगी ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।
तीन दर्जन से अधिक दुकानों पर लाल निशान
बीते बुधवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर एक दुकान की नापी की थी। इसके साथ ही तीन दर्जन से अधिक दुकानों को लाल निशान लगाकर ध्वस्तीकरण के लिए चिन्हित किया गया था।
कई भवन मालिक ऐसे भी हैं जिनके मामले कोर्ट में विचाराधीन हैं या उन्होंने स्टे ऑर्डर ले रखा है। इनसे संबंधित फाइलें पीडब्ल्यूडी कैंप कार्यालय में जांच के लिए जमा कराई गई हैं।
शनिवार सुबह से ही वीडीए और पीडब्ल्यूडी की टीमें पूरे क्षेत्र में मुनादी कर दुकानदारों को चौड़ीकरण कार्रवाई के बारे में सूचित करती रहीं।










