प्रयागराज। विश्व प्रसिद्ध त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित होने वाला माघ मेला इस बार और अधिक विशाल और आधुनिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज पहुंचकर मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
3 जनवरी से शुरू होगा माघ मेला, करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना
सीएम योगी ने बताया कि माघ मेला 3 जनवरी (पौष पूर्णिमा) से आरंभ होकर 1 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 15 जनवरी, 23 जनवरी, 1 फरवरी और 15 फरवरी को मुख्य स्नान पर्व आयोजित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण के पास विशाल आयोजनों का अनुभव है, इसलिए 2026 का माघ मेला 2024 की तुलना में और अधिक भव्य और सुविधाजनक रहेगा।
पहली बार माघ मेले में लग्ज़री टेंट सिटी
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष माघ मेले में पहली बार 200 लग्ज़री कैंपों वाली आधुनिक टेंट सिटी बनाई जा रही है। अब तक यह सुविधा केवल कुंभ और महाकुंभ में उपलब्ध थी।
इस टेंट सिटी में आने वाले श्रद्धालुओं को आरामदायक आवास, सुरक्षित वातावरण और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
AI कैमरों से सुरक्षा होगी हाईटेक
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेले में 400 AI कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनके जरिए भीड़ प्रबंधन, रियल-टाइम मॉनिटरिंग और घटना विश्लेषण किया जाएगा।
इसके अलावा 17 अस्थायी थाने, 42 पुलिस चौकियाँ, 20 फायर टेंडर और कई अग्निशमन चौकियाँ भी स्थापित की जा रही हैं।
स्वास्थ्य, परिवहन और स्वच्छता पर विशेष फोकस
भक्तों की सुविधा के लिए—
-
मेले में दो 20-20 बेड के अस्पताल,
-
12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र,
-
5 आयुर्वेदिक और 5 होम्योपैथिक चिकित्सा केंद्र,
-
50 एंबुलेंस चौबीसों घंटे सेवाएं देंगी।
परिवहन के लिए 3800 बसें चलाई जाएंगी और सात सेक्टरों में 42 पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।
स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए 25,000 शौचालय, 8,000 डस्टबिन और 3,000 सफाई कर्मी तैनात होंगे।
गंगा पूजन के साथ शुरू हुआ निरीक्षण
निरीक्षण से पहले मुख्यमंत्री योगी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा पूजन और आरती की। उन्होंने माघ मेले के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन की कामना की।
समीक्षा बैठक में उन्होंने प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, कटान रोकथाम और ट्रैफिक प्लान पर विभागों से विस्तृत जानकारी ली।
भक्तों को मिलेगा दिव्य और भव्य अनुभव– CM Yogi
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, कल्पवासियों और संतों को सुरक्षित, स्वच्छ, भव्य और दिव्य अनुभव प्रदान किया जाए।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी न रहने पाए।










