UP Weather : पछुआ हवाओं ने बढ़ाई ठंड, कई जिले घने कोहरे की चपेट में, IMD ने बताया कैसा रहेगा मौसम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में पहाड़ों से चल रही ठंडी पछुआ हवाओं ने सर्दी का असर अचानक तेज कर दिया है। बरेली, वाराणसी, जौनपुर समेत करीब 20 शहरों में घना कोहरा छा गया है। बरेली में दृश्यता केवल 50 मीटर, जबकि काशी में 500 मीटर दर्ज की गई। कोहरे ने हाईवे पर वाहनों की रफ्तार को काफी धीमा कर दिया है।

शाहजहांपुर में हादसा, तीन लोग घायल

घने कोहरे की वजह से शाहजहांपुर में रोडवेज बस और डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बुलंदशहर में सीजन का सबसे कम तापमान

बुलंदशहर में इस सीजन का न्यूनतम तापमान 9°C तक गिर गया। कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण काशी में 8 ट्रेनें निरस्त कर दी गईं। प्रदेश के कई जिलों में सुबह से शाम तक बादलों और धूप की लुकाछिपी जारी है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव और हीटर का सहारा लेते नजर आए।

अगले 5 दिनों में और बढ़ेगी ठंड – वैज्ञानिक

लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों से आ रही पछुआ हवाएं ठंड बढ़ाने की मुख्य वजह हैं।
आने वाले पांच दिनों में तापमान में 2 से 4°C तक गिरावट की संभावना है। नवंबर के आखिरी हफ्ते में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति भी विकसित हो सकती है।

कई शहर घने कोहरे की गिरफ्त में

वैज्ञानिकों का कहना है कि सुबह के समय कोहरा और अधिक गहराता दिख रहा है। कई जगहों पर अगले दिनों में हल्के से मध्यम जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं। दिन चढ़ने पर भले कोहरा थोड़ा कम हो जाता है, लेकिन धुंध की परत पूरे दिन वातावरण में बनी रहती है।

शनिवार सुबह विभिन्न जिलों में दृश्यता इस प्रकार रही—

  • घना कोहरा: बरेली (50 मीटर), मुरादाबाद, प्रयागराज (100 मीटर)

  • मध्यम कोहरा: अलीगढ़, आगरा, कानपुर, अमेठी

  • हल्का कोहरा: अयोध्या, कुशीनगर, वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर

  • लखनऊ: लगभग 800 मीटर दृश्यता के साथ हल्का कोहरा

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने सुबह यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। धुंध के दौरान वाहन धीमी गति से चलाने की अपील की गई है। ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें