दिल्ली। कमला पसंद और राजश्री पान मसाला के मालिक कमल किशोर के परिवार में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। उनकी बहू दीप्ति चौरसिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें दीप्ति ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है, लेकिन प्यार और भरोसे को लेकर बातें लिखी हैं।
सुसाइड नोट में प्यार-बेहवसी का जिक्र
सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में दीप्ति ने लिखा है कि अगर किसी रिश्ते में प्यार और भरोसा न हो, तो ऐसे रिश्ते में जीने की वजह ही क्या है।” हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम या कोई सीधा आरोप नहीं लगाया है।
2010 में हुई थी शादी, 14 साल का बेटा है
दीप्ति चौरसिया की शादी साल 2010 में कमल किशोर के बेटे हरप्रीत चौरसिया से हुई थी। दोनों का एक 14 साल का बेटा भी है। परिवार इस घटना के बाद गहरे सदमे में है।
चुन्नी से लटककर दी आत्महत्या
जानकारी के मुताबिक दीप्ति ने घर में चुन्नी से लटककर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आज सफदरजंग अस्पताल में होगा पोस्टमार्टम
दीप्ति का पोस्टमार्टम आज सफदरजंग हॉस्पिटल में डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा किया जाएगा। उधर, पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।
यह घटना उद्योग जगत के इस बड़े परिवार में गहरा शोक लेकर आई है, जबकि पुलिस जांच आगे जारी है।










