Varanasi : बंद मकान में चोरों का धावा, अलमारी तोड़कर जेवर समेत बाइक-सिलेंडर भी ले गए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र के भीटी मलियाखाले इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना तब हुई जब घर के मालिक परिवार सहित शहर से बाहर शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

शादी में गए थे मकान मालिक, चोरों ने बना लिया निशाना

जानकारी के अनुसार, बिहार के सासाराम निवासी शंकर लाल सिंह बीते आठ वर्षों से मलियाखाले स्थित अपने मकान में रह रहे हैं और एक निजी विद्यालय में क्लर्क के रूप में कार्यरत हैं। रविवार शाम वे अपनी पत्नी सविता श्रीवास्तव के साथ पटना स्थित ससुराल गए थे।

मंगलवार दोपहर जब उनके रिश्तेदार उदय लाल सिन्हा घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाज़े का टूटा ताला देखकर दंग रह गए। अंदर जाकर देखा तो दो कमरों के ताले टूटे हुए थे और घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था।

जेवरात, बाइक और गैस सिलेंडर चोरी

मकान मालिक शंकर लाल सिंह ने बताया कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उनकी पत्नी के कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
साथ ही चोर किचन से गैस सिलेंडर और बरामदे में खड़ी बाइक भी उठा ले गए।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घर की बारीकी से जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

स्थानीय निवासियों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लग सके।

यह वारदात इलाके में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें