महाराष्ट्र के सोलापुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तुलजापुर दर्शन को जा रही कार ट्रक से टकराई, पांच की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तुलजापुर में देवदर्शन के लिए जा रही एक कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार में सवार नवविवाहित दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।

तुलजापुर दर्शन के लिए निकला था पूरा परिवार

सूत्रों के मुताबिक, कार में सवार एक नवदम्पति अपने परिजनों के साथ तुलजापुर देवदर्शन के लिए निकले थे। बार्शी तहसील के पांगरी गांव के पास जांभलबेट पुल पर कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में जिन पांच लोगों की जान गई, उनकी पहचान इस प्रकार है—

  • गौतम कांबले

  • जया कांबले

  • संजय वाघमारे

  • सारिका वाघमारे

  • एक अन्य महिला जिसकी पहचान नहीं हो सकी है

इसके साथ ही हादसे में नवविवाहित जोड़ा अनिकेत गौतम कांबले, मेघना अनिकेत कांबले गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उपचाररत हैं।

बताया जा रहा है कि अनिकेत और मेघना की शादी चार दिन पहले, 26 नवंबर को ही हुई थी। परिवार खुशियाँ मनाते हुए देवदर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गंभीर घायलों को बार्शी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें