उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रक से टक्कर के बाद दिल्ली जा रही यात्री बस में आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि 3 लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें से 6 की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
नेपाल से दिल्ली जा रही थी बस, 45 यात्री सवार
बस (UP 22 AT 0245) नेपाल बॉर्डर के पास सुनौली से रवाना होकर दिल्ली जा रही थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के नागरिक थे। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर फरार बताए जा रहे हैं, जिनका अब तक पता नहीं चल सका है।
टक्कर इतनी जोरदार कि बस हाईटेंशन लाइन से टकराई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (UP 21 DT 5237) से हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि बस करीब 100 मीटर तक घिसटती हुई बिजली के हाईटेंशन पोल से जा टकराई। टक्कर में बिजली का खंभा टूटकर बस पर गिर गया, जिससे बस में करंट दौड़ गया और शॉर्ट सर्किट के बाद आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में पूरी बस आग के गोले में बदल गई और यात्री अंदर फंस गए।
यात्री शीशा तोड़कर बाहर कूदे
जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने खिड़की के शीशे तोड़कर बाहर छलांग लगा दी। चीख-पुकार और हड़कंप के बीच स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। बचाव दल ने कई फंसे यात्रियों को बस से बाहर निकाला।
घायलों का इलाज, 6 की हालत गंभीर
घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से झुलसे यात्रियों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अधिकांश यात्री किसी तरह बस से बाहर निकल आए, लेकिन कुछ लोग अंदर ही फंसे रह गए। आग बुझने के बाद बस से 3 जली हुई लाशें बरामद की गईं, जिनमें से 2 की पहचान मुश्किल हो चुकी है।
ट्रक में भी लगी आग
टक्कर के बाद ट्रक में लदे गर्म कपड़ों में आग लग गई, जिससे ट्रक भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। यह दर्दनाक हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाईपास पर सोमवार रात करीब ढाई बजे हुआ।










