उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक अजीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शादी के बाद दुल्हन जैसे ही ससुराल पहुंची, मात्र 20 मिनट बाद ही उसने पति और ससुराल वालों को अस्वीकार कर दिया। दुल्हन अपने कमरे से बाहर आई और साफ शब्दों में कहा, मुझे इस घर में नहीं रहना, मैं मायके वापस जाऊंगी।”
समझाने की कोशिश नाकाम
दूल्हा और घर के अन्य लोगों ने दुल्हन को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी बात से टस से मस नहीं हुई। उसका कहना था कि ससुराल वालों का व्यवहार ठीक नहीं है और यह घर उसके लायक नहीं है।
हालात बिगड़ते देख दूल्हे ने गांव के लोगों को इकट्ठा कर पंचायत बुलवाई और दुल्हन के माता-पिता को भी बुलाया। लेकिन सबके सामने भी दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।
पंचायत के फैसले के बाद दुल्हन को मायके भेजा
लंबी बातचीत और पंचायत के निर्णय के बाद दूल्हे के परिवार ने दुल्हन को उसके मायके भेज दिया। इतना ही नहीं, दहेज में मिला सारा सामान भी वापस कर दिया।
दूल्हे ने दुख जताते हुए कहा, अगर उसने पहले बता दिया होता कि वह यहां नहीं रह पाएगी, तो मैं शादी ही नहीं करता। इस घटना से हमारी बहुत बदनामी हुई है।”
घटना की इलाके में चर्चा तेज
देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र की यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं कि आखिर दुल्हन ने ऐसा फैसला क्यों लिया।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि कभी-कभी शादी के बाद भी रिश्तों की दिशा पल भर में बदल सकती है।










