रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत आगमन ने वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी है। अमेरिका, चीन सहित पूरी दुनिया की नजरें इस दौरे पर टिकी हुई थीं। गुरुवार को जब पुतिन दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पहुंचे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद उनका स्वागत किया। यहां दोनों नेताओं ने न सिर्फ हाथ मिलाया, बल्कि गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया। एयरपोर्ट पर दोनों की यह मुलाकात वैश्विक राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गई।
सबको उस समय और भी आश्चर्य हुआ जब पीएम मोदी और पुतिन एयरपोर्ट से एक ही गाड़ी में साथ रवाना हुए। इससे दोनों नेताओं की मजबूत दोस्ती और भरोसे का संदेश दुनिया भर में गया। इससे पहले भी उनकी इसी तरह की केमिस्ट्री चर्चा में रही है।
SCO समिट में भी साथ दिखी थी गर्मजोशी
हाल ही में चीन के तियानजिन में हुई SCO समिट के दौरान भी मोदी और पुतिन की मुलाकात बेहद खास रही थी। वहां पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी का करीब 10 मिनट तक इंतजार किया था ताकि दोनों नेता साथ में द्विपक्षीय वार्ता स्थल तक पहुंचें। दोनों की बातचीत भी समिट स्थल से कुछ दूरी पर तय हुई थी, जिसने दुनिया का ध्यान खींचा था।
पुतिन के सम्मान में PM मोदी देंगे डिनर
रूस–यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन का पहला भारत दौरा है। वे करीब 30 घंटे भारत में रहेंगे। पीएम मोदी आज रात उनके सम्मान में एक विशेष प्राइवेट डिनर की मेजबानी करेंगे। पुतिन के आने से पहले उनके साथ कई रूसी मंत्री भी दिल्ली पहुंच चुके हैं, जिनमें डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और कृषि मंत्री दिमित्री पेट्रोव शामिल हैं।
पीएम मोदी के हालिया रूस दौरे
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2024 में दो बार रूस की यात्रा की थी। जुलाई में दो दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने पुतिन को भारत आने का आमंत्रण दिया था। इसके बाद अक्टूबर में वे BRICS समिट के लिए रूस गए थे। इस वर्ष दोनों नेताओं की आखिरी मुलाकात 1 सितंबर को चीन के तियानजिन में हुई SCO शिखर सम्मेलन में हुई थी।
पुतिन का यह दौरा भारत-रूस संबंधों में नई ऊर्जा भरने वाला माना जा रहा है।










