वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को इंडिगो एयरलाइंस की बड़ी लापरवाही सामने आई।एयरलाइन ने अचानक 40 उड़ानें रद्द कर दीं, जिससे आगमन और प्रस्थान, दोनों सेवाएं प्रभावित हुईं। उड़ानें रद होते ही एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई और सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रह गए।
यात्रियों ने जताई नाराजगी, काउंटर पर हुआ हंगामा
अचानक फ्लाइट रद्द होने से नाराज यात्री सीधे एयरलाइन के काउंटर पर पहुंच गए। कई जगह कर्मचारियों और यात्रियों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
कई यात्री सुबह से ही एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन और सिक्योरिटी होल्ड एरिया में रुके रहे। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि यात्रियों को न बैठने की व्यवस्था मिली और न ही खाने–पीने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
बीमार और बुजुर्ग यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
इंडिगो की तकनीकी खामियों के कारण गुरुवार को प्रभावित रही उड़ानें शुक्रवार को भी जारी रहीं। वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो के इन्क्वायरी काउंटर पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई यात्रियों ने बताया कि एयरलाइन उन्हें केवल इतना कह रही है, सॉरी सर, आप पैसे वापस ले लीजिए।”
लेकिन रिफंड से यात्रियों की समस्या हल नहीं हो रही। जिनके पास जरूरी काम या मेडिकल इमरजेंसी थी, वे बेहद परेशान दिखे।
“कोई जानकारी नहीं मिली, बस फ्लाइट कैंसिल कर दी”
वाराणसी से बेंगलुरु जाने वाले यात्री निरंजन ज्योति ने बताया, मेरी फ्लाइट 3:30 बजे थी, लेकिन न तो कैंसिलेशन का मैसेज आया और न ही कोई अपडेट। एयरपोर्ट पहुंचने पर पता चला कि उड़ान रद्द है।
हार्ट पेशेंट और वरिष्ठ नागरिक साथ हैं, अब कहां जाएं?
एक अन्य यात्री अनिल कुमार ने बताया कि वे अपने होटल से चेकआउट कर एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां आकर उन्हें पता चला कि आज भी इंडिगो की सारी उड़ानें रद्द हैं।
उन्होंने कहा, मेरे साथ एक हार्ट पेशेंट और चार वरिष्ठ नागरिक हैं। ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि अब क्या करें और कैसे बेंगलुरु पहुंचें।”
व्यापारियों को भी बड़ा नुकसान
अहमदाबाद के व्यापारी अश्विनी ने बताया, पिछले तीन दिनों से फ्लाइट लगातार कैंसिल हो रही है। हम तीन दिन से वाराणसी में फंसे हुए हैं। बिजनेस के सिलसिले में जाना था, लेकिन नहीं जा पाए। अब व्यवसाय को भी नुकसान हो रहा है।”










