वाराणसी: कफ सिरप तस्करी मामले का दायरा अब राजनीति तक पहुंचता दिख रहा है। पूर्व आईपीएस और आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने दावा किया है कि इस मामले में वीडीए बोर्ड के सदस्य और भाजपा नेता अम्बरीश सिंह भोला का नाम भी जुड़ रहा है। ठाकुर ने यूपी के डीजीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की गहन जांच की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर ने अपने पत्र के साथ दो वीडियो भी भेजे हैं। इनमें से एक वीडियो कथित रूप से अम्बरीश सिंह भोला के रामकटोरा, बड़ी पियरी स्थित घर से जुड़ा बताया जा रहा है। दावा किया गया है कि इस वीडियो में कफ सिरप से जुड़े सामान को ले जाए जाने की गतिविधि दिखाई दे रही है। हालांकि, इन वीडियो की प्रमाणिकता की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि कफ सिरप तस्करी के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल द्वारा हर महीने भोला को भारी रकम दी जाती थी। उन्होंने कहा कि यह सभी तथ्य गंभीर हैं और इनकी जांच बेहद जरूरी है।
वहीं, दूसरी ओर अम्बरीश सिंह भोला ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि शुभम जायसवाल से उनका कोई व्यक्तिगत या व्यावसायिक संबंध नहीं रहा। भोला ने कहा कि वे उसे शहर के एक आम व्यक्ति की तरह ही जानते थे और आरोप राजनीति से प्रेरित तथा निराधार हैं।
अम्बरीश सिंह भोला पहले हिंदू युवा वाहिनी में मंडल प्रभारी के पद पर रह चुके हैं और फिलहाल वीडीए बोर्ड के सदस्य हैं। उनके नाम के सामने आने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। मामला लगातार गरमाता जा रहा है और अब पुलिस पर निष्पक्ष जांच करने का दबाव बढ़ रहा है।










