IIT BHU ने प्लेसमेंट सत्र 2025 में नया इतिहास रच दिया है। प्लेसमेंट के पहले चरण में संस्थान ने सिर्फ 5 दिनों में 1,005 ऑफर हासिल कर अब तक का सबसे तेज़ हजार ऑफर पार करने का रिकॉर्ड बनाया। पिछली बार यह आंकड़ा प्लेसमेंट के 12वें दिन पूरा हुआ था।
इस बार का सर्वोच्च पैकेज 1.67 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष तक पहुंच गया, जबकि औसत पैकेज 29.23 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा। पहले ही दिन 17 छात्रों को 1 करोड़ से अधिक के पैकेज मिले, जो टेक सेक्टर में IIT-BHU के छात्रों की बढ़ती मांग का स्पष्ट संकेत है।
हाई-टेक कंपनियों की बढ़ती रुचि
क्वांटम कंप्यूटिंग, फिनटेक, एआई आधारित डीप-टेक और तेजी से बढ़ती टेक कंपनियों ने इस वर्ष छात्रों में खास रुचि दिखाई। इससे यह साबित होता है कि IIT-BHU के छात्र उन्नत तकनीकी कौशल और उद्योग-तैयारी में आगे हैं।
संस्थान ने सफलता का श्रेय छात्र-शिक्षक टीमवर्क को दिया
IIT (BHU) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने इस उपलब्धि को छात्रों की नवाचार क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और नेतृत्व कौशल का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि संस्थान और उद्योग जगत के बीच मजबूत साझेदारी छात्रों को वैश्विक स्तर के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने शिक्षकों, शोधकर्ताओं और छात्रों की सामूहिक मेहनत की सराहना की।
TPC की 150-सदस्यीय टीम का बड़ा योगदान
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ (TPC) के समन्वयक प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव और सह-समन्वयक डॉ. सूर्य देव यादव व डॉ. किशोर पी. सरवाडेकर ने बताया कि 150 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों और स्टाफ की निरंतर मेहनत से प्लेसमेंट प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।
इन दिग्गज कंपनियों ने दिए बड़े ऑफर
रूब्रिक, ग्रैविटॉन, डॉयचे बैंक, वीज़ा, मास्टरकार्ड, ऊबर, क्वॉलकॉम, गोल्डमैन सैक्स, एनवीडिया, सेल्सफोर्स, अमेज़न, इंटेल, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, ज़ोमैटो, फ्लिपकार्ट, रिलायंस, टाटा स्टील, ओला इलेक्ट्रिक, बीएचईएल, सिस्को, ओरेकल, डेटाब्रिक्स, डी.ई. शॉ, जे.पी. मॉर्गन, फिडेलिटी, डेलॉइट, मैकिंजी, ओयो, स्कायरूट, बीपीसीएल समेत कई दिग्गज कंपनियों ने रिकॉर्ड स्तर पर प्लेसमेंट किए।
IIT-BHU की यह उपलब्धि इसे देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों की सूची में और अधिक सशक्त रूप से स्थापित करती है।










