काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के 4 वर्ष पूरे : 13–14 दिसंबर को भव्य सांस्कृतिक उत्सव, मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को 13 दिसंबर 2025 को चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस विशेष अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट ने दो दिवसीय भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन करने का निर्णय लिया है। धाम की वार्षिकी को यादगार बनाने के लिए देशभर के कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण होंगी बिहार की लोकप्रिय लोकगायिका और बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर, जो अपने मधुर शिव भजनों और लोकगीतों के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं।

मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार 13 दिसंबर 2021 को हुआ था, जबकि पंचांग के अनुसार इसकी तिथि 14 दिसंबर पड़ती है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और परंपरा को ध्यान में रखते हुए दोनों तिथियों पर सांस्कृतिक आयोजन रखा गया है। कार्यक्रम मंदिर चौक पर आयोजित होगा।

मैथिली ठाकुर करेंगी कार्यक्रम की शुरुआत

पहले दिन मैथिली ठाकुर अपने भक्तिमय शिव भजनों और लोकधुनों से समारोह का शुभारंभ करेंगी। उनके बाद अंशिका सिंह, अंशुमान महाराज, शनि मिश्रा सहित कई प्रतिष्ठित कलाकार मंच संभालेंगे। शास्त्रीय संगीत, शास्त्रोक्त भजनों और लोक संगीत का अद्भुत संगम इस दो दिवसीय कार्यक्रम में देखने को मिलेगा।

14 दिसंबर को विशेष रुद्राभिषेक और भव्य सजावट

कार्यक्रम के दूसरे दिन 14 दिसंबर को बाबा विश्वनाथ का विशेष रुद्राभिषेक आयोजित होगा। मंदिर परिसर को आकर्षक पुष्पों, रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट से सुसज्जित किया जाएगा। दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, भजन और कीर्तन का आयोजन होता रहेगा, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठेगा।

मंदिर प्रशासन ने कार्यक्रमों के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर बाबा विश्वनाथ के प्रति अपनी भक्ति और भावनाओं को समर्पित करने का सुनहरा मौका साबित होगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें