गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: मालिक सौरभ और गौरव लूथरा बैंकॉक में हिरासत में, भारत भेजने की तैयारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोवा के बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब आग कांड के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को बैंकॉक में पकड़ा गया है। दोनों को इमिग्रेशन डिविजन सेंटर, बैंकॉक में शिफ्ट किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, दोनों भाइयों को इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट जारी किया जाएगा, जो भारतीय एम्बेसी द्वारा दिया जाता है। सर्टिफिकेट मिलते ही दोनों को भारत लाया जाएगा।

अधिकारियों का प्रयास है कि यह प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि दोनों को तुरंत भारत लाकर गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। सौरभ और गौरव लूथरा उसी नाइटक्लब के मालिक हैं, जहां भयंकर आग में 25 लोगों की मौत हुई थी। हादसे के बाद पूरे गोवा में नाइटक्लब मालिकों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

जमानत याचिका खारिज, गिरफ्तारी का रास्ता साफ

बुधवार को दिल्ली की अदालत ने दोनों की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। लूथरा बंधुओं ने दावा किया था कि वे व्यावसायिक बैठक के लिए थाईलैंड गए थे और उन्हें चार सप्ताह की जमानत दी जाए, लेकिन अदालत ने जमानत देने से इंकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई गुरुवार तक टाल दी। दोनों भाइयों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर पहले ही जारी है।

गोवा पुलिस ने अदालत में पेश किए गंभीर तथ्य

गोवा पुलिस ने अदालत में बताया कि:

  • दोनों भाइयों ने 7 दिसंबर की रात 1:17 बजे फ्लाइट टिकट बुक की थी,

  • उसी समय दमकलकर्मी अब भी नाइटक्लब में फंसे लोगों को बचाने में जुटे थे,

  • हादसे के कुछ घंटों बाद ही वे दिल्ली से फुकेत (थाईलैंड) के लिए उड़ान भर चुके थे।

पुलिस ने यह भी बताया कि दोनों के खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था ताकि उन्हें ढूंढकर अस्थायी हिरासत में रखा जा सके।

एक और मालिक अजय गुप्ता पुलिस के सामने पेश

बुधवार को नाइटक्लब के चार मालिकों में से एक अजय गुप्ता को दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी स्थित क्राइम ब्रांच कार्यालय में पेश किया गया। अजय गुप्ता के अलावा पुलिस ने नाइटक्लब के पांच कर्मचारियों को भी गिरफ्तार किया है:

  • मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक

  • महाप्रबंधक विवेक सिंह

  • बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया

  • गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर

  • कर्मचारी भरत कोहली

यह सभी गिरफ्तारी उस जांच का हिस्सा है जिसमें उत्तर गोवा के इस दुखद आग हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें