वाराणसी में आंगनबाड़ी कार्यकत्री की हत्या की गुत्थी शुक्रवार शाम पुलिस ने सुलझा ली। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी युवक मोहित यादव और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने वारदात की पूरी कहानी स्वीकारते हुए कहा कि हत्या का कारण वर्षों से चल रहे अवैध संबंध और जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव था।
अवैध संबंधों से तंग आकर रची गई हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में मोहित ने बताया कि उसका आंगनबाड़ी कार्यकत्री से कई वर्षों से अवैध संबंध थे। बीते कुछ महीनों से वह उससे दूरी बनाना चाहता था, लेकिन महिला लगातार उसे जबरन मिलने और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालती थी।
मोहित के अनुसार, महिला उसे पैसे भी देती थी और मना करने पर धमकाती थी। इसी मानसिक और शारीरिक टॉर्चर से परेशान होकर उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
कैसे दी गई वारदात को अंजाम
एडीसीपी नीतू कादयान के मुताबिक, शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में गुरुवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री की हत्या की गई थी।
हत्या करने के लिए आरोपी मोहित ने पहले महिला का गला रेत दिया, इसके बाद सिर को कुचलकर उसकी मौत सुनिश्चित कर दी।
घटना के बाद दोनों पति–पत्नी घर से महिला के करीब 2 लाख रुपये के गहने और 73 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। फरार होते समय मोहित ने अपने खून से सने कपड़े भी बदल लिए थे।
200 सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक क्लू से पुलिस ने पकड़ा
घटना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने इलाके के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दोनों को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त ब्लेड और बट्टा (पाषाण) भी बरामद कर लिया है।
आरोपियों का कबूलनामा
पूछताछ में मोहित और उसकी पत्नी ने स्वीकार किया कि महिला के लगातार टॉर्चर और धमकियों से तंग आकर उन्होंने हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।










