वाराणसी के महावीर मंदिर मार्ग स्थित इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल में कथित डॉक्टरों की लापरवाही से एक मरीज की मौत का मामला सामने आया है। चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी कमलेश सिंह (47) ने हाल ही में हर्निया का ऑपरेशन कराया था और शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
परिजनों के अनुसार, शनिवार देर शाम अचानक कमलेश सिंह की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें दोबारा इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन आरोप है कि वहां समय रहते उचित इलाज नहीं मिला। कुछ ही देर में मरीज की मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन भड़क उठे और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर हालात काबू में किए।
पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।










