उत्तर प्रदेश में सर्दी के साथ अब घने कोहरे ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह-सवेरे प्रदेश के कई शहरों में 50 से 100 मीटर तक दृश्यता वाला घना कोहरा छाया रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की चेतावनी के मुताबिक यह सिलसिला अभी जारी रहेगा और 15 दिसंबर को भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा। कई इलाकों में दोपहर तक धूप के दर्शन नहीं होंगे, जबकि बाद में हल्की धूप निकल सकती है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस मुजफ्फरनगर में दर्ज किया गया।
8 जिलों में जीरो विजिबिलिटी, ऑरेंज अलर्ट जारी
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 14 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के तराई इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
रविवार को 8 जिलों में जीरो विजिबिलिटी की चेतावनी दी गई है। इनमें—
गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल हैं। इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में रहेगा मध्यम से हल्का कोहरा
इसके अलावा बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, अंबेडकर नगर, गोंडा, बाराबंकी, बरेली, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर और श्रावस्ती समेत कई जिलों में मध्यम से हल्का कोहरा छाया रह सकता है।
वाराणसी और आसपास के इलाकों में भी दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होने की संभावना है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अगले 48 घंटे में तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
लखनऊ में बढ़ेगा कोहरे का असर
राजधानी लखनऊ में रविवार की सुबह कोहरे की चादर तनी रहेगी और धीरे-धीरे इसका असर और बढ़ेगा।
आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
नोएडा में भी सुबह कोहरा
दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुबह-सवेरे घना कोहरा देखने को मिलेगा। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है।
तीन दिन बाद और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में गिरावट आएगी, जिससे दिन में भी सर्दी का असर ज्यादा महसूस होगा।










