शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पर आयकर विभाग की रेड, बेंगलुरु के बास्टियन होटल से जुड़ा मामला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और उद्यमी शिल्पा शेट्टी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। गुरुवार को आयकर विभाग की टीम ने मुंबई के जुहू स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बेंगलुरु में स्थित उनके चर्चित होटल ‘बास्टियन गार्डन सिटी’ से जुड़े एक मामले में की गई है। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग की टीमें एक साथ मुंबई और बेंगलुरु में होटल से जुड़े ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

जानकारी के अनुसार, होटल के वित्तीय लेन-देन में कथित गड़बड़ी और टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद यह छापेमारी की गई है। शिल्पा शेट्टी ने वर्ष 2019 में ‘बास्टियन हॉस्पिटालिटी’ में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इस कंपनी के मालिक जाने-माने बिजनेसमैन रंजीत बिंद्रा हैं। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें बास्टियन पब और होटल के फाइनेंशियल रिकॉर्ड, खातों और दस्तावेजों की गहन जांच कर रही हैं।

एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई

गौरतलब है कि 17 दिसंबर, बुधवार को भी आयकर विभाग ने कर्नाटक स्थित बास्टियन रेस्टोरेंट पर छापेमारी की थी। इसके अगले ही दिन मुंबई स्थित शिल्पा शेट्टी के घर पर भी आयकर की टीम पहुंची। शिल्पा शेट्टी न सिर्फ एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि एक जानी-मानी बिजनेसवुमन भी हैं। मुंबई, गोवा, बेंगलुरु सहित कई शहरों में उनकी मशहूर रेस्टोरेंट चेन ‘बास्टियन’ है, जिसे लग्जरी डाइनिंग के लिए जाना जाता है।

हाल ही में 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी और आयकर छापों के बीच शिल्पा शेट्टी ने एक नया रेस्टोरेंट ‘अम्माकाई’ शुरू करने की घोषणा भी की थी, जिसे लेकर वह चर्चा में रही थीं।

बास्टियन बंद होने की अटकलों पर पहले ही दे चुकी हैं सफाई

बीते सितंबर में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि मुंबई के बांद्रा स्थित शिल्पा शेट्टी का लोकप्रिय रेस्टोरेंट बास्टियन बंद हो सकता है। इन अटकलों पर विराम लगाते हुए शिल्पा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि बास्टियन कहीं बंद नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा था कि उन्हें इस बारे में कई फोन आए हैं, लेकिन वह अपने रेस्टोरेंट को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और जल्द ही नई जगहों पर बास्टियन की शुरुआत करने की योजना है।

फिलहाल आयकर विभाग की जांच जारी है और आधिकारिक तौर पर किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें