पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर वाराणसी सेंट्रल जेल की तन्हाई बैरक में, आज स्पेशल कोर्ट में पेशी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर को गुरुवार शाम बी-वारंट के तहत देवरिया जेल से वाराणसी सेंट्रल जेल लाया गया। जेल प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा कारणों से तन्हाई बैरक में रखा है। शुक्रवार को उनकी पेशी वाराणसी जिला एवं सत्र न्यायालय की स्पेशल सीजेएम कोर्ट में होनी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

तन्हाई बैरक में कड़ी निगरानी

जेल सूत्रों के अनुसार, अमिताभ ठाकुर को रात में दो कंबल दिए गए और बैरक के बाहर अतिरिक्त बंदी रक्षक तैनात रहे। एहतियात के तौर पर केंद्रीय कारागार के अन्य बैरकों को भी अस्थायी रूप से बंद कराया गया।

क्या है पूरा मामलामामला चौक थाना क्षेत्र का है, जहां हिंदू युवा वाहिनी नेता और वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) बोर्ड सदस्य अंबरीश सिंह ‘भोला’ की शिकायत पर अमिताभ ठाकुर और उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोप है कि सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो और पत्र के जरिए उनके खिलाफ झूठे और मानहानिकारक आरोप लगाए गए।

सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा विवाद

शिकायत के मुताबिक, 30 नवंबर को अमिताभ ठाकुर ने अपने एक्स (X) अकाउंट से एक पत्र और वीडियो साझा किया था, जिसमें कफ सिरप तस्करी से जुड़े आरोप लगाए गए। इसी आधार पर उनके खिलाफ बीएनएस की धाराओं 196, 229, 356(2) और 356(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

कोर्ट परिसर में हाई अलर्ट

हिंदू संगठनों की संभावित नाराजगी को देखते हुए कोर्ट परिसर के भीतर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि नियमानुसार समय पर अमिताभ ठाकुर को अदालत में पेश किया जाएगा और बयान दर्ज कराया जाएगा। पेशी के बाद उन्हें दोबारा देवरिया जेल भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें