Gold Price : सोने के दाम में आई गिरावट, जानें आज कितना सस्ता हो गया आपके शहर में गोल्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साल 2025 में सोने और चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक तेजी देखने को मिली है। इस उछाल ने निवेशकों का ध्यान शेयर बाजार से हटाकर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर मोड़ दिया है। जहां चांदी ने साल भर में करीब 135 प्रतिशत से अधिक की छलांग लगाई है, वहीं सोना भी लगातार नई ऊंचाइयों को छूता रहा है। हालांकि शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में सर्राफा बाजार में हल्की नरमी देखने को मिली।

आपके शहर का ताजा भाव

सर्राफा बाजार में चांदी करीब 2,11,100 रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार करती नजर आई। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 24 कैरेट सोना 1,34,850 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,23,610 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर ट्रेड करता दिखा। ये दाम जीएसटी और मेकिंग चार्ज के बिना हैं।

अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो दिल्ली और जयपुर में 24 कैरेट सोना 1,35,000 रुपये प्रति 10 ग्राम, अहमदाबाद में 1,34,900 रुपये, जबकि पुणे, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता में यह 1,34,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास रहा।

इसी तरह 22 कैरेट सोने की कीमत दिल्ली और जयपुर में 1,23,760 रुपये, अहमदाबाद में 1,23,660 रुपये, जबकि पुणे, हैदराबाद, चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता में 1,23,610 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेत

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की आपूर्ति से जुड़े आंकड़े भी अहम माने जा रहे हैं। स्विस कस्टम्स के अनुसार, नवंबर महीने में स्विट्जरलैंड से सोने के निर्यात में करीब 15 प्रतिशत की गिरावट आई है। यह फरवरी के बाद भारत को होने वाले निर्यात में सबसे बड़ी कमी बताई जा रही है।

भारत को सोने के निर्यात में बड़ी गिरावट

आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में भारत को जहां 26 टन सोने का निर्यात हुआ था, वहीं नवंबर में यह घटकर केवल 2 मीट्रिक टन रह गया। इसके उलट चीन समेत अन्य देशों को सोने का निर्यात 2 टन से बढ़कर 12 टन तक पहुंच गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी, ऊंची महंगाई और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के कारण सोना-चांदी लंबी अवधि में मजबूत बने रह सकते हैं। हालांकि अल्पकाल में मुनाफावसूली के चलते कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

कैसे तय होती है सोने-चांदी की कीमत

सोना और चांदी के दाम रोजाना कई कारकों के आधार पर तय होते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत अमेरिकी डॉलर में तय होती है, इसलिए डॉलर-रुपया विनिमय दर में बदलाव का सीधा असर घरेलू कीमतों पर पड़ता है। इसके अलावा आयात शुल्क, जीएसटी और अन्य कर भी दामों को प्रभावित करते हैं।

वैश्विक अनिश्चितता, युद्ध, आर्थिक मंदी और ब्याज दरों में बदलाव जैसी स्थितियों में निवेशक सुरक्षित संपत्तियों की ओर रुख करते हैं, जिससे सोने की मांग बढ़ जाती है। वहीं भारत में शादी-ब्याह, त्योहार और सांस्कृतिक परंपराओं के कारण भी सोने की मांग हमेशा बनी रहती है। यही वजह है कि महंगाई और बाजार की अस्थिरता के दौर में सोना निवेशकों की पहली पसंद बना रहता है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें