मणिकर्णिका घाट पर तय दरों पर मिलेगी लकड़ी, रेट बोर्ड अनिवार्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। काशी के विश्वप्रसिद्ध मणिकर्णिका घाट पर अव्यवस्था और गंदगी पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर घाट की सीढ़ियों और मार्गों पर बेतरतीब तरीके से जमा लकड़ी के ढेर हटवाए गए, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों का आवागमन सुचारु हो सके।

रेट बोर्ड लगाना हुआ अनिवार्य

महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अब घाट पर लकड़ी विक्रेताओं के लिए सख्त नियम लागू कर दिए गए हैं। नए आदेश के तहत कोई भी दुकानदार तीन दिन से अधिक लकड़ी का स्टॉक घाट परिसर में नहीं रख सकेगा। साथ ही प्रत्येक दुकान पर रेट बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है, जिसमें दुकानदार का नाम, मोबाइल नंबर और लकड़ी की तय दरें साफ-साफ लिखी होंगी। इस व्यवस्था का मकसद अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिजनों को मनमानी वसूली से बचाना है।

पार्किंग से मिलेगी जाम से राहत

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान पुलिस बल की मदद से रामलीला कमेटी के पास जमा मलबा भी हटवाया गया। इस स्थान को अब दोपहिया वाहनों की पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे मणिकर्णिका घाट क्षेत्र में लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

‘स्वच्छ काशी–सुंदर काशी’ के तहत बड़े बदलाव

‘स्वच्छ काशी–सुंदर काशी’ अभियान के तहत शहर के पारंपरिक कूड़ा घरों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। इनके स्थान पर आधुनिक पोर्टेबल कंपैक्टर ट्रांसफर सिस्टम (PCTS) लगाए जाएंगे। अवलेशपुर में 10 बिस्वा भूमि पर पीसीटीएस के लिए प्री-कास्ट बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू हो चुका है। वहीं हड़हासराय में छह बिस्वा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर बाउंड्री कराई जा रही है, जिसे आगे चलकर पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।

इस पूरे अभियान के दौरान नायब तहसीलदार शेषनाथ, कोतवाली जोनल अधिकारी मृत्युंजय नारायण, एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी सहित पुलिस बल और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें