यूपी में कड़ाके की ठंड से ठिठुरे लोग, कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड और घने कोहरे के डबल अटैक से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है, जबकि प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने एक बार फिर कोहरे और शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है।

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार सोमवार, 22 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई जगहों पर दृश्यता 100 से 200 मीटर तक सिमट सकती है। दिन में भी ठंड का असर बना रहेगा और लोगों को रात जैसी ठिठुरन महसूस हो सकती है।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने कानपुर, रायबरेली, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और फतेहपुर में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

कई जिलों में येलो अलर्ट
वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, हमीरपुर, जालौन, अमेठी, बलिया, मऊ, सुल्तानपुर, बस्ती, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर में मध्यम से घने कोहरे के आसार हैं। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, एटा, मैनपुरी, हरदोई और औरैया में भी मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

लखनऊ को मिली थोड़ी राहत
राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह घना कोहरा नहीं रहा और हल्की धुंध ही देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार यहां न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। हालांकि अगले 48 से 72 घंटों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने और धूप निकलने की उम्मीद है।

बर्फीली हवाओं से बढ़ी गलन


बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्का सुधार देखने को मिल सकता है।

फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करने की अपील की है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें