जनता दर्शन में सीएम योगी के सख्त निर्देश, ठंड में लखनऊ आने वाले फरियादियों को मिले रैन बसेरों की सुविधा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि जनपद स्तर पर भी जनता दर्शन आयोजित किए जा रहे हैं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग लखनऊ पहुंचते हैं। कई फरियादी जनता दर्शन में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही राजधानी आ जाते हैं। ऐसे में सरकार ने रैन बसेरों में ठहरने की समुचित व्यवस्था की है। उन्होंने लखनऊ प्रशासन को निर्देश दिया कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां ठहरे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान रोज सुनें जनता की शिकायत

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सबसे पहले अपने जिले के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन जनता की शिकायतें सुनें और उनका त्वरित निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को ठंड के मौसम में लखनऊ आने की जरूरत न पड़े।

इलाज के लिए सरकार देगी आर्थिक मदद

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले फरियादियों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे संबंधित अस्पताल से इलाज का एस्टिमेट बनवाकर उपलब्ध कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार शुरू से ही गंभीर रोगियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दे रही है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इलाज के अभाव में किसी को परेशानी न उठानी पड़े।

जमीन कब्जे के मामलों पर सख्ती

कार्यक्रम के दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच के बाद सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अवैध कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं धान खरीद से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भी संबंधित अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए गए।

बच्चों से संवाद, दी चॉकलेट

जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय बातचीत की। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में पूछा, उन्हें दुलारा और सभी बच्चों को चॉकलेट दी। सीएम ने अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें ठंड से बचाकर रखें। मुख्यमंत्री का यह स्नेह देखकर अभिभावक भी भावुक नजर आए।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें