वाराणसी। जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में साइबर अपराधियों ने वाहन ट्रांसफर के नाम पर एक युवक से 1 लाख 31 हजार 500 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने फर्जी आरटीओ मोबाइल ऐप का सहारा लेकर पीड़ित की बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल की और कुछ ही मिनटों में खाते से पूरी रकम निकाल ली। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिपरी धौरहरा गांव निवासी पीड़ित राजेश यादव के मुताबिक वह अपनी गाड़ी के ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। इसी दौरान चालान की स्थिति जांचने के बहाने साइबर ठगों ने उन्हें एक कथित आरटीओ मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। जैसे ही ऐप डाउनलोड हुआ, ठगों को मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच मिल गई।
पीड़ित ने बताया कि 3 नवंबर को चालान जमा करने के कुछ ही मिनटों बाद उनके बैंक खाते से 1,31,500 रुपये की निकासी हो गई। जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर दी गई।
इस संबंध में चौबेपुर थाना प्रभारी अजित कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने वाराणसी के लोगों से अपील की है कि वाहन ट्रांसफर, चालान या किसी भी सरकारी प्रक्रिया के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, लिंक या मोबाइल ऐप से सावधान रहें। किसी भी परिस्थिति में बैंक खाता, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।










