लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विधानसभा में कोडीन युक्त कफ सिरप मामले पर सरकार का पक्ष रखते हुए साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से एक भी मौत नहीं हुई है। उन्होंने दो टूक कहा कि इस पूरे प्रकरण में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने सदन की गरिमा बनाए रखने की नसीहत देते हुए कहा कि सदस्यों को पूरी तैयारी और अध्ययन के साथ सदन में आना चाहिए। सीएम योगी ने बताया कि प्रश्नकाल समाप्त होते ही इस विषय को उठाया गया, जिस कारण उन्हें स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा।
समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “चोर की दाढ़ी में तिनका” वाली कहावत इस मामले में पूरी तरह लागू होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े कफ सिरप होलसेलर को वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था।
सीएम योगी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि देश में दो ऐसे नमूने हैं—एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में बैठता है—जो जरा सी चर्चा होते ही देश छोड़कर भाग जाते हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “आप यहां चिल्लाते रहेंगे और बबुआ सैर-सपाटे के लिए इंग्लैंड चले जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप का उत्पादन नहीं होता। इसका निर्माण मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों में किया जाता है। यूपी में केवल इसके स्टॉकिस्ट और होलसेलर मौजूद हैं। जिन राज्यों में मौत की घटनाएं सामने आई हैं, वे अन्य राज्यों से जुड़ी हैं और पूरा मामला अवैध डायवर्जन का है।
सरकार की कार्रवाई का ब्योरा देते हुए सीएम योगी ने बताया कि अब तक इस मामले में 79 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, 225 अभियुक्त नामजद हैं, 78 की गिरफ्तारी हो चुकी है और 134 दवा कंपनियों पर छापेमारी की गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध लेन-देन लोहिया वाहिनी के एक पदाधिकारी के खाते के जरिए हुआ।
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विपक्ष को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “समय आने पर बुलडोजर जरूर चलेगा, उस वक्त चिल्लाइएगा मत।” उन्होंने दोहराया कि सरकार इस पूरे मामले में पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और किसी भी अपराधी को बचने नहीं दिया जाएगा।










