मथुरा। नए साल के अवसर पर ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। मंदिर प्रबंधन ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे 5 जनवरी 2026 तक वृंदावन आने से परहेज करें और अति आवश्यक होने पर ही यात्रा का कार्यक्रम बनाएं।
मंदिर के प्रबंधक (प्रशासन) ने जानकारी दी कि 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक पाश्चात्य नववर्ष के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचेंगे। इस दौरान मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़, ट्रैफिक जाम और गलियों में दबाव की स्थिति बन सकती है।
भीड़ को देखते हुए जारी की गई एडवाइजरी
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत श्रद्धालुओं से कहा गया है कि वे बिना बैग और कीमती सामान के मंदिर आएं। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर की जा रही घोषणाओं का पालन करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मंदिर की ओर आने वाले श्रद्धालु जूते-चप्पल पहनकर न आएं। जूता-चप्पल उतारने की व्यवस्था मंदिर से जुड़े सभी मुख्य मार्गों पर की गई है। इसके साथ ही जेबकतरे, मोबाइल और चैन चोरों से सावधान रहने की अपील की गई है।
बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सलाह
एडवाइजरी में कहा गया है कि अत्यधिक भीड़ के समय बुजुर्ग, दिव्यांगजन, छोटे बच्चे, बीपी, हृदय, शुगर, सांस की बीमारी, मिर्गी या दौरे से पीड़ित व्यक्ति मंदिर न आएं। श्रद्धालुओं को खाली पेट न आने और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की भी सलाह दी गई है।
खोया-पाया केंद्र और पार्किंग व्यवस्था
मंदिर प्रशासन ने बताया कि खोया-पाया केंद्र गेट नंबर-2 और श्री बांके बिहारी जी पुलिस चौकी पर बनाया गया है। वहीं, बाहरी वाहनों का वृंदावन में प्रवेश बंद रहेगा और उनके लिए शहर के बाहर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़ का आकलन कर ही यात्रा करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन कर सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम दर्शन कर सकें।










