आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले में सोमवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया। झारखंड के टाटानगर से केरल के एर्नाकुलम जा रही टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के चलती ट्रेन के दो कोचों में अचानक आग लग गई। यह घटना यलमंचिली के पास हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो कोच पूरी तरह जल गए, जबकि एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है।
बी2 और एम1 कोच बने आग की चपेट में
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग बी2 और एम1 कोच में लगी थी। आग तेजी से फैलने पर रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों ने मिलकर सुरक्षित निकासी शुरू की। इसी दौरान एक कोच से एक यात्री का शव बरामद किया गया। अनाकापल्ली के पुलिस अधीक्षक तुहिन सिन्हा ने एक यात्री की मौत की पुष्टि की है, हालांकि मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
लोको पायलट की सतर्कता से टली बड़ी अनहोनी
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग की शुरुआत बी1 कोच से हुई थी। जैसे ही लोको पायलट ने आग की लपटें देखीं, उसने तुरंत ट्रेन को यलमंचिली स्टेशन पर रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित उतारने और आग बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
दमकल की तत्परता से आग पर काबू
सुरक्षा के लिहाज से रेलवे कर्मचारियों ने बी1, बी2 और एम1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। इस हादसे में एम1 और बी2 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। मौके पर परवाड़ा डीएसपी विष्णु स्वरूप और एनटीआर टीम ने राहत एवं बचाव कार्य संभाला। दमकल विभाग की गाड़ियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
फिलहाल रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।










