कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर सीएम योगी ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बोले- ‘बाबू जी’ ने अपने नाम को यूपी के कल्याण से जोड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यपाल कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ‘बाबू जी’ ने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के कल्याण के साथ जोड़कर उसे जीवन भर सार्थक किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री थे। वर्ष 1991 में जब उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली, तब प्रदेश अराजकता, अव्यवस्था, गुंडागर्दी और आतंकी गतिविधियों से जूझ रहा था। गांवों, गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा था। ऐसे कठिन समय में उन्होंने नेतृत्व संभालकर प्रदेश को नई दिशा देने का काम किया।

‘बाबू जी’ के कार्यों से जगा सुशासन का भरोसा

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार की कमान संभालते ही कुछ ही महीनों में प्रदेशवासियों को यह भरोसा होने लगा था कि उत्तर प्रदेश सुशासन के रास्ते पर चलकर विकास के नए सोपान तय करेगा। हालांकि, उन्हें अस्थिर करने की साजिशें भी की गईं और अव्यवस्था फैलाने के प्रयास हुए।

सत्ता से बड़ा था राष्ट्र और आस्था का सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राम जन्मभूमि आंदोलन अपने चरम पर था, तब ‘बाबू जी’ ने रामभक्तों और संत समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सत्ता का त्याग करने में भी संकोच नहीं किया। उनकी सरकार चली गई, लेकिन उन्होंने प्रभु श्रीराम के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया। सीएम योगी ने कहा कि सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए कल्याण सिंह का कार्यकाल हमेशा याद किया जाएगा।

संघ की पाठशाला से मिला राष्ट्रवाद का संस्कार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह का जन्म एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा और उसे आजीवन अपने जीवन का मंत्र बनाया। विधायक, मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के रूप में उनकी सेवाएं देश और प्रदेश के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगी।

इस अवसर पर स्वर्गीय कल्याण सिंह के पुत्र व पूर्व सांसद राजवीर सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद सतीश गौतम, मुकेश राजपूत, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, उनके पौत्र व बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें