पहली बार काशी पहुंचे BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, SIR से लेकर PDA तक विपक्ष पर साधा निशाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पदभार संभालने के बाद गुरुवार को पहली बार काशी पहुंचे। वाराणसी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में संगठन, चुनावी तैयारियों, मनरेगा, आगामी बजट और विपक्ष के मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से किए जा रहे कार्यों को भाजपा कार्यकर्ता जमीनी स्तर तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह पहले भी होती रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया सरकार नहीं, बल्कि स्वतंत्र रूप से चुनाव आयोग द्वारा संचालित की जाती है।

मनरेगा में सुधार और गांवों के विकास पर जोर

मनरेगा में भ्रष्टाचार को लेकर उठ रहे सवालों पर पंकज चौधरी ने कहा कि समय-समय पर कुछ कमियां सामने आती रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें दूर करते हुए व्यवस्था को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना “विकसित गांव, विकसित राष्ट्र” का है। इसी सोच के तहत सरकार ‘विकसित भारत–जी राम जी’ योजना लेकर आई है। इस योजना के तहत मनरेगा में रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन किया गया है। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रस्तावित की गई है। अब गांवों के विकास की योजनाएं ग्राम पंचायतें स्वयं तैयार करेंगी।

बजट भी रहेगा जनहित केंद्रित

आगामी बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार भी बजट पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

PDA को लेकर सपा पर तंज

समाजवादी पार्टी के PDA पंचांग पर निशाना साधते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि सपा पहले यह स्पष्ट करे कि PDA का असली अर्थ क्या है, क्योंकि पार्टी खुद इस मुद्दे पर भ्रमित नजर आती है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा किसी एक जाति या वर्ग की पार्टी नहीं, बल्कि सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।

भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत

बीजेपी संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता हर समय चुनाव के लिए तैयार रहता है, यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। ब्राह्मण विधायकों के सहभोज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा जातिवाद की राजनीति नहीं करती, बल्कि हर वर्ग को सम्मान और समान प्रतिनिधित्व देती है।

अंत में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के हर वर्ग को साथ लेकर विकास की राजनीति करना है और पार्टी इसी विचारधारा के साथ आगे भी काम करती रहेगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें