वाराणसी। मेरठ के सरधना क्षेत्र में एक महिला की निर्मम हत्या और उसकी बेटी के अपहरण की घटना के विरोध में शनिवार को वाराणसी कचहरी स्थित अंबेडकर पार्क में कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल राज के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां और तख्तियां लेकर पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अपील की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख रूप से दोषियों को फांसी की सजा देने, अपराधियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को सरकारी नौकरी के साथ उचित मुआवजा देने की मांग उठाई गई। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रदेश और देश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही गई।
वक्ताओं ने एनसीआरबी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे नारे तभी सार्थक होंगे, जब महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस करेंगी।
कैंडल मार्च के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने समाज और सरकार का ध्यान महिलाओं की सुरक्षा, न्याय और संवेदनशीलता की आवश्यकता की ओर एक बार फिर आकर्षित किया।










