वृंदावन: प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट में आग, मची अफरा-तफरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा/वृंदावन। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वृंदावन के छटीकरा मार्ग स्थित श्रीकृष्ण शरणम् सोसाइटी में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब संत प्रेमानंद जी महाराज के फ्लैट संख्या 212 में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लैट से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। राहत की बात यह रही कि प्रेमानंद जी महाराज बीते करीब एक महीने से श्री राधाहित कैलिकुंज में निवास कर रहे हैं, जिससे किसी बड़ी अनहोनी से बचाव हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पत्रकारों और स्थानीय लोगों से अभद्रता का आरोप

आग बुझाने के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब संत के सेवादारों पर पत्रकारों और स्थानीय लोगों से अभद्रता करने के आरोप लगे। बताया जा रहा है कि कवरेज कर रहे पत्रकारों और वीडियो बना रहे लोगों को जबरन रोका गया और कुछ के मोबाइल फोन भी छीने गए। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि सेवादारों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की।

स्थानीय लोगों में रोष

सेवादारों के इस व्यवहार से स्थानीय ब्रजवासी नाराज नजर आए। लोगों का कहना है कि संकट के समय वे मदद के लिए आगे आए थे, लेकिन उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से सेवादारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने वृंदावन के धार्मिक और सामाजिक माहौल में नई बहस को जन्म दे दिया है।

फिलहाल दमकल विभाग ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही प्रशासन ने सोसाइटी में आग से बचाव के उपकरणों और व्यवस्थाओं की जांच के निर्देश दिए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें